23 नवंबर 2018 - 14:25
पाकिस्तान में चीन के वाणिज्य दूतावास पर हमले के बाद ओरकज़ई में आत्मघाती हमला, 32 मरे 31 घायल

पश्चिमोत्तरी पाकिस्तान में एक भीड़ भाड़ वाले बाज़ार में हुए धमाके में कम से कम 32 लोग हताहत और 31 अन्य घायल हुए।

यह घटना क़बायली ज़िले ओरकज़ई के कलाया बाज़ार में उस समय हुयी जब एक आत्मघाती बमबार अपनी मोटरसाइकिल लेकर इस बाज़ार में आयोजित एक फ़ेस्टिवल में दाख़िल हो गया।

ओरकज़ई ज़िले के सहायक कमिश्नर अब्बास ख़ान ने बताया कि इस धमाके में उस पर्व को निशाना बनाया गया जो हर शुक्रवार को आयोजित होता है।

हताहत होने वालों में सिक्ख समुदाय के 3 सदस्य और सुरक्षा बल के 2 जवान शामिल हैं।

रिपोर्ट मिलने तक किसी गुट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली।

इस घटना की पाकिस्तान में व्यापक स्तर पर भर्त्सना हो रही है। पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान ख़ान ने कराची में चीनी वाणिज्य दूतावास और ओरकज़ई के आतंकवादी हमले की भर्त्सना करते हुए कहा कि यह उन लोगों की सुनियोजित साज़िश है जो एक समृद्ध पाकिस्तान नहीं चाहते।